बालोद : जिले में एक युवती पर एसिड से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 22 वर्षीय युवती पर एक अज्ञात युवक ने एसिड फेंक दिया। घटना के बाद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। मामला बालोद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लाइब्रेरी से घर लौटते समय हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, युवती बालोद नगर के आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उस पर एसिड से हमला कर दिया। हमले में युवती के शरीर पर गंभीर चोटे आई है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगो ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर
जिला अस्पताल बालोद में इलाज के बाद युवती की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए डीके अस्पताल, रायपुर रेफर किया गया है। चिकित्सको की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद बालोद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात हमलावर की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटा रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।