कुरुद : पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर की ललित चंद्राकर के खिलाफ शिकायत के बाद अब इसी विवाद में नया मोड़ आया है। संजय नगर निवासी मीना चंद्राकर ने एसडीओपी कुरुद को आवेदन देकर तपन चंद्राकर पर दुकान दिलाने के नाम पर 3 लाख 10 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने 1 लाख 10 हजार रुपए वापस मिलने और 2 लाख रुपए अब भी बकाया होने का दावा किया है।
नगर पंचायत कॉम्पलेक्स में दुकान दिलाने का दिया था झांसा
मीना के अनुसार 12 जून 2024 को नया बाजार स्थित नगर पंचायत कॉम्पलेक्स में दुकान दिलाने की बात कही गई थी। भरोसे में उन्होंने पति की एफडीआर तुड़वाकर राशि की व्यवस्था की और भाई ललित चंद्राकर की मौजूदगी मे तपन को रकम दी। शिकायत में दस्तावेज और फोटो लिए जाने का भी उल्लेख है।
किश्तों में लौटाए 1.10 लाख, शेष राशि पर विवाद
आवेदन के मुताबिक दुकान नहीं मिलने पर राशि वापस करने की मांग की गई। मीना का दावा है कि जनवरी और मार्च 2026 में अलग-अलग किस्तों में 1.10 लाख रुपए लौटाए गए। शेष राशि को लेकर ललित और तपन के बीच बातचीत के बाद विवाद हुआ।
निष्पक्ष जांच की मांग
मीना ने तपन की ओर से ललित के खिलाफ दी गई शिकायत को गलत बताते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।