लॉगिन

कारोबारी को एक गलती पड़ी भारी : व्हाट्सऐप पर आई फाइल डाउनलोड करते ही खाते से उड़ गए लाखों, पुलिस ने दर्ज किया जुर्म  

Chhattisgarh September 19, 2026 रिपोर्टर: shailesh
कारोबारी को एक गलती पड़ी भारी : व्हाट्सऐप पर आई फाइल डाउनलोड करते ही खाते से उड़ गए लाखों, पुलिस ने दर्ज किया जुर्म  

कारोबारी को एक गलती पड़ी भारी : व्हाट्सऐप पर आई फाइल डाउनलोड करते ही खाते से उड़ गए लाखों, पुलिस ने दर्ज किया जुर्म  

रायपुर. खम्हारडीह थाना क्षेत्र में व्हाट्सऐप पर आई फाइल डाउनलोड करना एक कारोबारी को भारी पड़ गया. साइबर ठगों ने मोबाइल में फाइल डाउनलोड होने के बाद बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड और यूनियन बैंक के चालू खाते से कुल 4 लाख 15 हजार 529.92 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए. पीड़ित की शिकायत पर खम्हारडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार रहेजा रेसिडेंसी, लाभांडी निवासी तनुज अग्रवाल (35) होलसेल ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 सितंबर को उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति ने एपीके फाइल भेजी थी. उनके व्हाट्सऐप में स्वत: डाउनलोड की सुविधा चालू होने के कारण फाइल मोबाइल में डाउनलोड हो गई.

इसके बाद सुबह करीब 9.45 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच उनके बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से 69,998.97 रुपये और यूनियन बैंक के चालू खाते से यूपीआई के माध्यम से 3,45,530.95 रुपये निकाल लिए गए. खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद 17 सितंबर को खम्हारडीह थाने में लिखित शिकायत दी गई.

पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया ऑनलाइन धोखाधड़ी का अपराध पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस अब रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई, एपीके फाइल किस नंबर से भेजी गई और मोबाइल में फाइल डाउनलोड होने के बाद ठगी को किस तरह अंजाम दिया गया, इसकी जांच कर रही है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds