पेंड्रा । गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम अजनी में झाड़ियों से महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। मृतिका की पहचान लक्ष्मी कुमारी, पति सुमित कुमार यादव, निवासी रूपौली, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पति ने पत्नी को परिचित युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद विवाद के दौरान चाकू से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गलत जानकारी देने का प्रयास किया था।
यह था पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे सुमित कुमार यादव ने अपनी पत्नी को कमरे में नहीं पाया। आसपास तलाश करने पर उसने पत्नी को परिचित जितेंद्र मंडल के साथ आपत्तिजनक परिस्थिति में देखा। इस पर आरोपी ने जितेंद्र मंडल को मारने के लिए दौड़ाया, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसके बाद आरोपी और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ और झूमाझटकी के दौरान सुमित ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मजदूरों ने झाड़ियों में देखा महिला का शव
घटना के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छोड़ दिया। बाद में जेपी एग्रोटेक मिल के मजदूरो ने झाड़ियों मे महिला का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस पूछताछ और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी पति सुमित कुमार यादव की घटना में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इन धाराओं के तहत केस दर्ज
पुलिस ने थाना गौरेला में अपराध क्रमांक 395/ 2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ख) में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना जारी रखते हुए घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।