दुर्ग जिले में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है. नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड 37, जोरातराई में शनिवार की सुबह-सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता राजेन्द्र सिंह यादव पर जानलेवा हमला कर दिया गया.
दरअसल, राजेंद्र यादव सुबह एक स्थानीय होटल में सुकून से चाय पी रहे थे. तभी अचानक एक युवक वहां पहुंचा और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावर ने सीधे गले पर वार किया, जिससे राजेंद्र यादव वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
भाजपा नेता को अस्पताल ले जाया गया
आनन-फानन में घायल भाजपा नेता को भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है. मिली जानकारी के अनुसार आरोपी से 4 साल पहले उनकी पुरानी दोस्ती थी, लेकिन लंबे समय से बातचीत बंद थी. वहीं स्थानीय स्तर पर इस हमले को रिसाली निगम चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
मामले पर एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह हमला हुआ है. पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने ने कहा कि आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होगा.