धमतरी : जिले के ग्राम सुपेला में 23 वर्षीय नवविवाहिता वीणा उर्फ बबली ठाकुर की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति मानववध सामने आने के बाद भखारा पुलिस ने आरोपी पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पत्नी की हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम देमार स्थित थाना पाटन निवासी स्व. प्रकाश ठाकुर की पुत्री वीणा का करीब दो साल पहले सुपेला निवासी विवेक ध्रुव से विवाह हुआ था। 4 सितंबर को शाम करीब पांच बजे दोनो कमरे में गए थे। बाद में वीणा बिस्तर पर मृत मिली।
पति ही निकला हत्यारा, हत्या का मामला दर्ज
पति ने उसके द्वारा पंखे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई थी। हालांकि घटनास्थल की एफएसएल जांच में गले पर साड़ी के बजाय पतली वस्तु से बने निशान मिलने की बात सामने आई, जिससे मामले पर संदेह गहरा गया। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान लिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मानववध की पुष्टि होने पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 109 / 2026 के तहत बीएनएस की धारा 103 (1) में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में पति ने पत्नी की हत्या कबूली
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर हुए विवाद के बाद नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोटने की बात स्वीकार की। इसके बाद शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया। आरोपी के मेमोरेडम के आधार पर पुलिस ने कमरे में बिस्तर के नीचे से नायलॉन रस्सी बरामद कर जब्त की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।