Karnataka Election: BJP कार्यकर्ताओं से बोले पीएम- जहां डबल इंजन की सरकार, वहां बढ़ जाती है विकास की रफ्तार

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कर्नाटक चुनाव के मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस संबोधन में पीएम ने कहा कि एक अनुशासित कार्यकर्ता होने के नाते मैं भी आप सभी कार्यकर्ताओं और जनता के दर्शन करने के लिए आ रहा हूं। राज्य में प्रचार करने वाले भाजपा नेता बताते हैं कि प्रचार के दौरान उन्हें लोगों से कितना प्यार मिलता है। यह भाजपा के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है|

विरोधियों का सत्ता हथियाना मात्र एजेंडा

पीएम ने आगे कहा कि भाजपा और अन्य पार्टियों में सबसे बड़ा फर्क अप्रोच का है। हमारे विरोधियों का एजेंडा सत्ता हथियाना है । हमारा एजेंडा है आने वाले 25 सालों में देश को विकसित बनाना, गरीबी से मुक्त करना और नौजवानों के सामर्थ्य को सबसे आगे बढ़ाना। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों में कर्नाटक की विकास यात्रा को नेतृत्व देने के लिए भाजपा एक युवा टीम का निर्माण कर रही है

कर्नाटक में लोकतंत्र का उत्सव

मोदी ने कहा कि कर्नाटक में लोकतंत्र का उत्सव चल रहा है। भाजपा ने चुनावों को हमेशा लोकतंत्र के महोत्सव की तरह सेलिब्रेट किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सूत्र समझाने वाले भगवान बसवेश्वर की धरती से, कनार्टक की समृद्ध परंपरा के प्रतिनिधि और राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत भाजपा के कार्यकर्ता होने का डबल गौरव आप सभी को प्राप्त है।

दिल जीतना जरूरी

उन्होंने कार्यकर्ता से लोगों का दिल जीतने की बात कही। उन्होंने कहा कि बूथ जीतने की शुरुआत तब होती है जब कार्यकर्ता बूथ से जुड़े परिवारों को जीत लेता है, उनके दिल को जीत लेता है। वहीं उन्होंने कोरोना महामारी पर बात की।

कोरोना पर पूरी दुनिया पस्त
पीएम ने कहा कि दुनिया के अनेक देश कोरोना से लड़ने में पस्त हो गए लेकिन भारत ने सफलता से कोरोना से लड़ाई लड़ी है। आज देश इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकॉर्ड निवेश कर रहा है। वहीं, किसानों को लाखों-करोड़ों रुपये किसान सम्मान निधि के माध्यम से भेजकर उन्हें ब्याजखोरों से बचा रहा है।

मौका मिलने से विकास की बढ़ती है स्पीड

उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों में देश का अनुभव रहा है कि जहां-जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है वहां-वहां गरीब कल्याण योजनाएं तेजी से जमीन पर उतरी हैं। जिन राज्यों में भाजपा सरकार नहीं है वहां वह कोशिश करते हैं कि केंद्र सरकार की कोई भी योजना सफल न हो। कुछ लोग तो योजना से जुड़ते ही नहीं है और  कुछ राज्य ऐसे हैं जो योजना का नाम बदल देते हैं। जब भाजपा को सेवा को मौका मिलता है तो विकास की स्पीड और स्केल दोनों बढ़ जाती है।

2014 से पहले के समय और आज में अंतर

पीएम मोदी ने 2014 से पहले और आज के विकास की तुलना की। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले की योजनाओं में एक घर बनने में 300 दिन लगते थे। आज 100 दिन से भी कम समय में घर बन रहे हैं। पहले घर का आकार 20 वर्ग मीटर होता था, अब घर का आकार 25 वर्ग मीटर होता है। पहले की योजना में एक घर को 70-75 हजार रुपये की मदद दी जाती थी, आज ये मदद 1 लाख 30 हजार रुपये कर दी गई है। इससे भी बड़ी बात ये है कि अब पैसे सीधे लाभार्थी के बैंक अकाउंट में भेजे जाते हैं, कोई बिचौलिया नहीं  होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds