रायपुर: रायपुर रेलवे स्टेशन की यातायात व्यवस्था में एक बार फिर बदलाव किया जा रहा है. स्टेशन के पुनर्विकास योजना के तहत सोमवार रात 11 बजे से मुख्य गेट नंबर-2 को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया जाएगा. हालांकि इसका फैसला शाम को बैठक के बाद लिए जाने की सूचना है. इसी के साथ गेट नंबर-2 से प्लेटफार्म-1 पर होने वाली यात्रियों की आवाजाही भी बंद हो जाएगी.
नए यातायात रूट को जल्द लागू किया जाएगा
नए यातायात रूट को कुछ दिनों तक परीक्षण के तौर पर लागू किया जाएगा. व्यवस्था सफल रहने के बाद गेट नंबर-2 पर तोड़फोड़ और पुनर्विकास का काम शुरू किया जाएगा. गेट नंबर-2 स्टेशन से प्लेटफार्म-1 पर जाने का प्रमुख प्रवेश द्वार था. यहां वाहन से पहुंचने वाले यात्री सीधे उतरकर प्लेटफार्म-1 में प्रवेश करते थे. अब इस मार्ग के बंद होने से यात्रियों और वाहन चालकों को दूसरे गेट का उपयोग करना होगा. रेलवे ने नए रूट को लेकर रोडमैप भी तैयार किया है.
इस तरह होगी वाहनों की आवाजाही
एक्सप्रेस-वे की ओर से स्टेशन आने वाले वाहन चालक अब वीआइपी गेट तक ही पहुंच सकेंगे. इसके बाद उन्हें वापस एक्सप्रेस-वे की ओर जाना होगा या फाफाडीह मार्ग से निकलना होगा. इसी तरह गुरुद्वारा के सामने वाले गेट से आने वाले वाहन चालक गेट नंबर-3 तक अपनी गाड़ी ले जा सकेंगे. गेट नंबर-2 बंद होने के बाद स्टेशन के सामने वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा.
पुराने कार पार्किंग क्षेत्र में बनेगा ऑटो स्टैंड
गेट नंबर-2 के सामने वर्तमान में ऑटो खड़े होते हैं. रूट डायवर्जन के बाद इन्हें हटाकर ऑटो स्टैंड के पीछे स्थित पुराने कार पार्किंग क्षेत्र में खड़ा कराया जाएगा. स्टेशन के सामने अन्य स्थानों पर खड़े रहने वाले वाहनों को भी हटाया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु रखा जा सके.
टिकट काउंटर भी हो चुका है स्थानांतरित
स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को देखते हुए टिकट काउंटर को पहले ही आरक्षण केंद्र वाली इमारत में स्थानांतरित किया जा चुका है. अब गेट नंबर-2 बंद होने के बाद यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास के वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा.
छह बार हो चुकी बैठक
रायपुर रेलवे स्टेशन की यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर पिछले एक वर्ष में रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और यातायात पुलिस के बीच करीब छह बार बैठक हो चुकी है. हर बैठक में अलग-अलग यातायात योजना पर सहमति बनी, लेकिन अब तक कोई स्थायी व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकी. स्टेशन पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में आए दिन लंबा जाम लगता है. पुनर्विकास योजना के तहत गेट नंबर-2 बंद करने और नया रूट लागू करने के बाद रेलवे अब देखेगा कि नई व्यवस्था से यातायात में कितना सुधार होता है. परीक्षण सफल होने के बाद गेट नंबर-2 पर पुनर्विकास के लिए तोड़फोड़ का काम शुरू किया जाएगा.