दंतेवाड़ा नक्सली हमला : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कर्नाटक दौरा रद्द, कल जाएंगे दंतेवाड़ा

रायपुर। दंतेवाड़ा में नक्सली हमले के बाद मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस मुख्यालय और एंटी नक्सल आपरेशन के आला अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। मुख्यमंत्री ने घटना स्थल, वहां की सुरक्षा और नक्सलियों के हमले के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

करीब दो घंटे चली बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्नाटक दौरे को रद कर दिया। अब सीएम बघेल गुरुवार को दंतेवाड़ा जाएंगे और जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। मुख्यमंत्री बघेल दंतेवाड़ा जाकर नक्सल घटना की समीक्षा करेंगे और जमीनी स्थिति का आंकलन करेंगे।

इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री बघेल से फोन पर बात की और पूरे मामले की जानकारी दी। केंद्रीय गृहमंत्री ने राज्य सरकार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री के साथ बैठक में डीजीपी अशोक जुनेजा, एडीजी नक्सल आपरेशन विवेकानंद सिन्हा समेत आला अधिकारी मौजूद थे।

नक्सलियों के छिपे होने की सूचना पर गया था डीआरजी का दल : ताम्रध्वज
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि नक्सलियों के विरूद्ध चल रही लड़ाई को हम अवश्य जीतेंगे और योजनाबध्य तरीके से नक्सलवाद खत्म करेंगे। उन्होंने बताया कि अरणपुर थाना क्षेत्र का मामला है। कुछ ही दूरी में नक्सलियों की छिपे होने की गोपनीय जानकारी मिली थी। डीआरजी जवानों को रवाना किया गया था। जवान सर्चिंग से लौट रहे थे, उसी समय आइइडी ब्लास्ट किया गया है, जिसमें 10 जवान और ड्राइवर की मृत्यु हुई है। अतिरिक्त फोर्स भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds