छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 3 दिन बारिश के आसार, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है।

रायपुर का मौसम:

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

बीते 24 घंटे में कहां कितनी बारिश:

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई। सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। बागबाहरा में सबसे ज्यादा 14 सेमी पानी गिरा। महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा आरंग, भटगांव, भाखरा और लटोरी में 9-9 सेमी तथा कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी बारिश हुई।

क्यों हो रही है लगातार बारिश:

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और उससे लगे इलाकों में बने सिस्टम के साथ मानसून द्रोणिका की सक्रियता का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। झारखंड और उसके आसपास बना अवदाब भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।

आज कैसा रहेगा मौसम:

बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बने रहने की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds