लॉगिन

ट्रेन में यात्रियों को डंडा मारकर मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, आरपीएफ-जीआरपी ने की कार्रवाई

Chhattisgarh August 12, 2026 रिपोर्टर: shailesh
ट्रेन में यात्रियों को डंडा मारकर मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, आरपीएफ-जीआरपी ने की कार्रवाई

ट्रेन में यात्रियों को डंडा मारकर मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, आरपीएफ-जीआरपी ने की कार्रवाई

रायपुर. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट रायपुर और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) रायपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लोकल ट्रेन में यात्री से मोबाइल लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने ट्रेन में मोबाइल पर बात कर रहे यात्री के हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल छीना और ट्रेन से उतरकर फरार हो गया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

जानकारी के मुताबिक, घटना 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है. गाड़ी संख्या 68706 डोंगरगढ़-बिलासपुर लोकल रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले यात्री दीपक पटेल (32), निवासी बिजोरा, कटघोरा, जिला कोरबा मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उनके हाथ पर डंडा मार दिया और मोबाइल फोन छीनकर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया.

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी रायपुर थाना में अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज किया गया. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की गई.

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार और रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट रायपुर और जीआरपी रायपुर की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके साथ ही आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश और पूछताछ शुरू की गई.

लगातार प्रयास के बाद संयुक्त टीम ने 11 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित ऑटो स्टैंड से घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान अंशु रानेकर (19), पिता दीपक रानेकर, निवासी डाली कुआं, बजरंग मंदिर के पास, रामनगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई. आरोपी के कब्जे से यात्री से छीना गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया.

टिकट काउंटर से मोबाइल चोरी का भी खुलासा

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वीवो कंपनी का एक अन्य मोबाइल फोन भी मिला. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इस मोबाइल को 20 अप्रैल 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट काउंटर से चोरी करना स्वीकार किया. इस मामले में जीआरपी रायपुर थाना में अपराध क्रमांक 74/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत पहले से मामला दर्ज है. कार्रवाई करने वाली टीम में आरपीएफ निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक बीके राठौर, सहायक उप निरीक्षक डीके वर्मा, संजय यादव, संतोष क्षत्रिय, बीएस ठाकुर और एसके सुखीतराम शामिल रहे.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds