ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में गोल्ड तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश, 3 करोड़ के विदेशी सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार

रायपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम ब्रांच नागपुर और गोंदिया की संयुक्त टीम ने राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) नागपुर के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से करीब 2.166 किलोग्राम विदेशी सोना (बिस्किट) जब्त किया है. बरामद सोने की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 9 लाख 40 हजार 881 रुपये बताई गई है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.

ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में गोल्ड तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश

आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक अजय शर्मा को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में एक व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहा है। सूचना मिलते ही निरीक्षक अजय शर्मा ने गोंदिया क्राइम ब्रांच के निरीक्षक समीर खलखो, सहायक उपनिरीक्षक नासिर खान तथा आरक्षक विकास पटले को डीआरआई नागपुर की टीम के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए.

3 करोड़ के विदेशी सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार

संयुक्त टीम ने गोंदिया से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन तलाशी अभियान चलाया. जांच के दौरान ट्रेन के पिछले जनरल कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 2.166 किलोग्राम विदेशी सोने के बिस्किट बरामद किए गए. यह कार्रवाई कलमना और नागपुर स्टेशन के बीच की गई.

गिरफ्तार आरोपी को जब्त सोने सहित डीआरआई नागपुर के हवाले कर दिया गया. डीआरआई ने आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की. बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds