सिविल जज के रिश्तेदार से 20 लाख की ठगी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के एक सिविल जज के स्वजन से लगभग 20 लाख रुपये की ठगी में दो साइबर अपराधियों को मंगलवार को छत्तीसगढ़ की पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। इन अपराधियों को गिरफ्तार करने छत्तीसगढ़ से तीन सदस्यीय पुलिस की टीम गिरिडीह जिले के फुलची और टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र के विशनाटांड़ गांव पहुंची थी।

सोमवार को छत्तीसगढ़ की पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से गिरिडीह के फुलची गांव से अजय मंडल नामक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को उसे लेकर पुलिस टीम मनियाडीह के विशनाटांड़ गांव में पहुंची।

इसके बाद अजय मंडल की निशानदेही पर साइबर अपराधी वीरेंद्र मंडल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गांव की महिलाएं एकजुट होकर छत्तीसगढ़ पुलिस का विरोध करने लगी। महिलाएं वीरेंद्र मंडल को गिरफ्तार कर नहीं ले जाने देने पर अड़ी थीं। टुंडी थाना प्रभारी अनिल कुजुर के समझाने के बाद महिलाएं शांत हुईं।


इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस दोनों साइबर अपराधियों को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ ले गई। छत्तीसगढ़ पुलिस के अवर निरीक्षक रजनीश सिंह ने बताया कि इन साइबर अपराधियों के गिरोह ने छत्तीसगढ़ के एक सिविल जज के स्वजन से लगभग 20 लाख रुपये की ठगी की है। इस पूरे मामले में इन दोनों के अलावा 10 और लोगों का नाम सामने आए है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button