VIDEO : सांप ने डसा तो उसे गले में लपेटकर 14 किमी बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा युवक, आप भी देखें हैरान कर देने वाला वीडियो

कांकेर : जिले से हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक सांप को पकड़कर अपने गले में लपेटता है और फिर बाइक चलाते हुए अस्पताल जा रहा है.
वीडियो कोयलीबेड़ा ब्लॉक के पखांजूर का है. जिस युवक ने सांप को पकड़कर बाइक चलाई उसका नाम देवजीत सरकार है. बताया जा रहा है कि देवजीत एक स्नेक कैचर है. जो पिछले 8 साल से इलाके में सांपों को पकड़ रहा है. लेकिन बीते दिनों जब वो रेस्क्यू कर रहा था तो इस सांप ने उसे डस लिया.
सांप के डसने के बाद देवजीत ने उसे पकड़ा और बाइक में लेकर उस घर से 14 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचा. युवक का कहना है कि उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि डॉक्टर को पता चल सके कि सांप कौन सा है.
युवक जब अस्पताल पहुंचा और सांप को डॉक्टर को दिखाया तो मालूम हुआ कि सांप जहरीला नहीं है.लेकिन डॉक्टर ने उसे इस तरह की हरकत करने से मना किया. डॉक्टर का कहना है कि यदि सांप जहरीला होता तो बचाव में वो दोबारा भी काट सकता था.
डॉ संजीत वैष्णव,पखांजूर बीएमओ ने बताया कि शुक्रवार को युवक गले में सांप लपेटकर अस्पताल पहुंचा था. उसने बताया कि रेस्क्यू के दौरान सांप ने उसे काटा है. सांप की पहचान हो सके इसलिए वो अपने साथ सांप को लेकर आया था. हमने युवक का इलाज किया.
जिस सांप को युवक लेकर आया था वो वेनम प्रवृत्ति का नहीं था. इसलिए युवक को जल्दी राहत मिल गई. लेकिन सांप को इस तरह से लाना कहीं ना कहीं अपने साथ-साथ दूसरे के लिए भी जान का खतरा है. हमारी अपील है कि कोई भी व्यक्ति चाहे सांप जहरीला हो या ना हो इस तरह की हरकत ना करें।