भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो का फायरिंग रेंज वीडियो, बोले- देश बुलाएगा तो फिर सीमा पर सेवा के लिए रहूंगा तैयार

सीतापुर : सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विधायक फायरिंग रेंज पर पिस्टल से लगातार गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की फायरिंग रेंज का है, जहां उन्होंने निशानेबाजी का अभ्यास किया.

फायरिंग रेंज में दिखा सटीक निशाना

वीडियो में विधायक रामकुमार टोप्पो एक के बाद एक फायर करते नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि उनका लगभग हर निशाना सटीक लग रहा है. विधायक के इस अंदाज ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. यही वजह है कि वीडियो को बड़ी संख्या में देखा और साझा किया जा रहा है.

सीआरपीएफ में दे चुके हैं सेवाएं

रामकुमार टोप्पो का सैन्य पृष्ठभूमि से पुराना नाता रहा है. विधायक बनने से पहले वे सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि भले ही वे वर्तमान में जनप्रतिनिधि हैं, लेकिन यदि भविष्य में कभी देश को उनकी आवश्यकता पड़े, तो वे सीमाओं पर जाकर सेवा देने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे. इसी उद्देश्य से वे समय-समय पर अपनी फायरिंग क्षमता और शारीरिक दक्षता का अभ्यास करते रहते हैं.

पहले भी चर्चा में रह चुके हैं विधायक

यह पहला मौका नहीं है, जब विधायक रामकुमार टोप्पो का ऐसा वीडियो चर्चा में आया हो. इससे पहले भी उनका नानचाकू चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके अलावा वे अपने विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को सेना और अर्धसैनिक बलों में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण भी देते रहे हैं.

फिटनेस और अनुशासन को आज भी दे रहे हैं प्राथमिकता

राजनीति में सक्रिय होने के बावजूद रामकुमार टोप्पो आज भी अपने सैन्य अनुशासन और फिटनेस को पूरी गंभीरता के साथ बनाए हुए हैं. यही कारण है कि उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उल्लेखनीय है कि यह वीडियो स्वयं विधायक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds