तालाब मे मिली युवती की लाश : लाश के पास मिल फोन, हत्या या आत्महत्या पुलिस जांच मे जुटी  

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र की डब्लूआरसी कॉलोनी में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तालाब में एक अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतका की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

मोबाइल फोन बना जांच का अहम सुराग

पुलिस को घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन भी मिला है। अब मोबाइल में मौजूद डेटा, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर मृतका की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पहचान होने के बाद जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है।

हर पहलू से हो रही जांच

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या— तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि युवती की अंतिम गतिविधियों और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मृतका की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds