भीषण अग्निकांड : कपड़ा दुकान जलकर खाक, 50 लाख से ज्यादा के नुकसान की आशंका

बलरामपुर : जिले के रामानुजगंज नगर में मंगलवार सुबह एक भीषण अग्निकांड में स्टेट बैंक रोड स्थित एक कपड़ा दुकान जलकर पूरी तरह खाक हो गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है.

सुबह टहलने निकले लोगों ने दी सूचना

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देखीं. उन्होंने तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया.

दमकल पहुंची, लेकिन तब तक विकराल हो चुकी थी आग

सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि तब तक आग पूरे शोरूम में फैल चुकी थी. दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान तेजी से जलने लगा. दमकल वाहन का पानी समाप्त होने के बाद भी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी.

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका के पानी के टैंकर की मदद से बाल्टियों के जरिए लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था.

पार्षदों और नागरिकों ने किया सहयोग

अग्निकांड के दौरान नगर पालिका के युवा पार्षद पवन गुप्ता, रवि रंजन पाल, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने के प्रयास में सक्रिय सहयोग किया.

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी आग की घटना

गौरतलब है कि रामानुजगंज नगर में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है. लगातार हो रही अग्नि दुर्घटनाओं से व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है. फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds