भिलाई स्टील प्लांट में आयरन स्क्रैप चोरी मामला, पुलिस ने कारोबारी भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया

दुर्ग : भिलाई स्टील प्लांट में करोड़ों रुपये के बहुचर्चित लोहा चोरी कांड में पुलिस ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए रसूखदार कारोबारी भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है. वहीं सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि यह सिर्फ लोहा चोरी नहीं, बल्कि प्लांट के भीतर और बाहर फैले संगठित नेटवर्क का मामला है, जिसकी परतें लगातार खुल रही हैं.

पूछताछ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

वहीं, भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए सबूतों के आधार पर वैशाली नगर निवासी भास्कर मुदलियार की भूमिका उजागर हुई. उसकी गाड़ियां लंबे समय से भिलाई स्टील प्लांट के अंदर संचालित हो रही थीं और चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहनों से उसकी संलिप्तता मिली. पूछताछ के बाद शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस जांच में पहले ही सामने आ चुका है कि बीएसपी के तत्कालीन जनरल मैनेजर हिमांशु भूषण मलिक और असिस्टेंट जनरल मैनेजर मनोज कुमार देवांगन गिरोह के संपर्क में थे और प्लांट के भीतर से मदद कर रहे थे. गिरोह फ्लू डस्ट में आयरन स्क्रैप मिलाकर उसे प्लांट से बाहर भेजता था, जिसे बाद में एके ट्रेडर्स में जमा किया जाता था.

3.22 करोड़ का सामान जब्त

दरअसल, घटना 6 मई 2026 को भिलाई-3 पुलिस ने अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स और हथखोज में छापेमारी कर करीब 250 टन लौह स्क्रैप, कई ट्रक, हाईवा, जेसीबी, हाईड्रा समेत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये का सामान जब्त किया था. उन्होंने ने कहा कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस संगठित गिरोह से जुड़े कई और बड़े नाम बेनकाब हो सकते हैं. बीएसपी के चर्चित लोहा चोरी कांड में यह गिरफ्तारी अब तक की सबसे अहम कार्रवाई मानी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds