बाढ़ से भारी तबाही : अबूझमाड़ में कई मकान ढहे, पालतू जानवरों को भी बहा ले गया पानी

नारायणपुर : जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है, नारायणपुर जिला से लगभग 50 किलोमीटर दूर मेटानार ग्राम पंचायत के आश्रित गांव कादेर को अपनी चपेट में ले लिया है. इस आपदा में 16 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जिससे ये परिवार बेघर हो गए हैं. ग्रामीणों के समक्ष अब भविष्य की अनिश्चितता एक बड़ी चिंता बनकर खड़ी है.

पालतू जानवर भी बहा ले गया पानी

ग्रामवासियों का कहना है कि बाढ़ अपने साथ उनके दैनिक उपयोग की वस्तुओं, महत्वपूर्ण दस्तावेजों, जमा पूंजी और यहां तक कि पालतू जानवरों को भी बहा ले गई है. वे इस समय दूसरों से उधार लेकर अपना गुजारा कर रहे हैं और सरकार से राहत की गुहार लगा रहे हैं.

उनका यह भी आरोप है कि अब तक उन्हें सरकारी सहायता प्राप्त नहीं हुई है, न ही कोई सरकारी अधिकारी उनके घरों तक पहुंचा है.आज कुछ ग्रामीणों को पड़ोसी गांव में बुलाया गया है, हालांकि किस उद्देश्य से, यह उन्हें ज्ञात नहीं है.

दुखद बात यह है कि सरकार द्वारा दी गई पीएम जनमन योजना के तहत मिली सहायता भी बाढ़ की भेंट चढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों के जीवन यापन का संकट और गहरा गया है. वेअसमंजस हैं कि अब वे अपना जीवन कैसे व्यतीत करेंगे.

30 जुलाई को हो गई थी 2 बच्चियों की मौत

इतना ही नहीं नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में 30 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है. उफनते नदी-नालों के कारण कई मकान व मवेशी बह गए और संपर्क मार्ग टूट गए. वहीं दो बच्चियों की बहने से मौत हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds