लॉगिन

दमाऊधारा झरने में बहा दुर्ग का युवक, घंटों रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग

Chhattisgarh July 29, 2026 रिपोर्टर: shailesh
दमाऊधारा झरने में बहा दुर्ग का युवक, घंटों रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग

दमाऊधारा झरने में बहा दुर्ग का युवक, घंटों रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग

सक्ती : सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में दोस्तों के साथ घूमने आया दुर्ग का एक 20 वर्षीय युवक झरने के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है, जिसे बुधवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।

सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र स्थित दमाऊधारा में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार दुर्ग-भिलाई निवासी 20 वर्षीय प्रतीक कंवर अपने पांच दोस्तों उदय साहू, चेलक लहरे, तेजस साहू, साहिल राव और योगेश वर्मा के साथ पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने आया था। सोमवार को सभी रैनखोल घूमने गए थे, जबकि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दमाऊधारा पहुंचे।

बताया जा रहा है कि चार दोस्त झरने के ऊपरी हिस्से में नहा रहे थे और दो साथी नीचे मौजूद थे। इसी दौरान प्रतीक कंवर का पैर फिसल गया और वह झरने के तेज बहाव में बहते हुए गहरे पानी में समा गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल नगरदा पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, जांजगीर-चांपा से डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया है। बुधवार सुबह संयुक्त टीम फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds