लॉगिन

कटहल की खुशबू खींच लाई पेड़ तक, टहनियों में फंसा भालू… घंटों चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया

Chhattisgarh July 18, 2026 रिपोर्टर: shailesh
कटहल की खुशबू खींच लाई पेड़ तक, टहनियों में फंसा भालू… घंटों चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया

कटहल की खुशबू खींच लाई पेड़ तक, टहनियों में फंसा भालू… घंटों चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के मनोरा वन परिक्षेत्र के गजमा गांव में शनिवार को एक अनोखा घटनाक्रम देखने को मिला। अपने पसंदीदा भोजन कटहल की खुशबू से आकर्षित होकर एक जंगली भालू गांव में पहुंच गया और कटहल खाने के लिए पेड़ पर चढ़ गया। लेकिन फल तक पहुंचने की कोशिश में वह पेड़ की टहनियों के बीच बुरी तरह फंस गया और नीचे उतरने में असमर्थ हो गया।

भालू के पेड़ पर फंसे होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और GNWS की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति का जायजा लेने के बाद विशेषज्ञों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद भालू को सुरक्षित बेहोश कर टहनियों से बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू के बाद वन अमले ने भालू का स्वास्थ्य परीक्षण और प्राथमिक उपचार किया। यह सुनिश्चित करने के बाद कि वह पूरी तरह स्वस्थ है, उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

इस पूरे अभियान के दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी रही, लेकिन वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए सफलतापूर्वक रेस्क्यू पूरा किया। वन अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

यह घटना एक बार फिर इंसान और वन्यजीवों के बीच संवेदनशील सह-अस्तित्व का संदेश देती है। वन विभाग की तत्परता और सफल रेस्क्यू ने एक बेजुबान वन्यजीव की जान बचा ली, जिसकी तस्वीरें अब लोगों की सराहना बटोर रही हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds