आम बीनने गए बच्‍चों पर गिरी आकाशीय बिजली, 3 की मौत, 1 बच्‍ची की हालत गंभीर

सरगुजा : छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली जानलेवा साबित हो रही है. सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में सोमवार शाम पेड़ पर बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई. घटना उस समय हुई जब बच्चे आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे. उसी दौरान बैल चरा रहा एक युवक भी वहां पहुंच गया और चारों बिजली की चपेट में आ गए.

तीन की मौत, एक गंभीर घायल

हादसे में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सागर की 12 वर्षीय बहन श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

अन्य जिलों में भी हादसे

बेमेतरा जिले के राऊरपुर गांव में लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार ढह गई. मलबे में दबने से 12 वर्षीय वंशिका और 9 वर्षीय राधिका की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है. वहीं सुकमा जिले के कुकानार गांव में खेत से लौट रहे युवकों पर बिजली गिर गई. इस हादसे में 18 वर्षीय अजय नाग की मौत हो गई और चार अन्य युवक घायल हो गए.

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में फैल सकता है. इसके साथ ही कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds