जीवनसाथी ऐप पर विधवा शिक्षिका को मिला ठग, शादी और तबादले का झांसा देकर ऐंठे 6 लाख रुपये

दुर्ग : जिले में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए एक विधवा शिक्षिका से करीब 6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने पहले शादी का झांसा दिया और फिर तबादला कराने का भरोसा दिलाकर रकम ऐंठ ली. मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विधवा शिक्षिका ने बनाई थी प्रोफाइल

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पीड़िता 36 वर्षीय शिक्षिका है, जो धमधा ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ है. अक्टूबर 2024 में उसके पति का निधन हो गया था. वह अपने दो बच्चों के साथ दुर्ग क्षेत्र में रह रही है. पति की मृत्यु के बाद उसने विवाह के लिए जीवनसाथी ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी.

जीवनसाथी ऐप पर हुई पहचान

23 मई को उसकी पहचान रायपुर निवासी अर्जुन कसेर नामक व्यक्ति से हुई. आरोपी ने खुद को जल संसाधन विभाग में क्लर्क बताया और कहा कि उसका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है. बातचीत बढ़ने पर उसने महिला को शादी का प्रस्ताव दिया और भरोसा दिलाया कि दोनों जल्द विवाह कर साथ रहेंगे.

तबादला कराने का दिया भरोसा

इसी दौरान आरोपी ने शिक्षिका के तबादले का मुद्दा उठाया और दावा किया कि वह उसका ट्रांसफर मनचाही जगह करा सकता है. आरोपी ने तबादला कराने के एवज में 7 लाख रुपये की मांग की. उसकी बातों में आकर शिक्षिका ने बैंक से 6 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लिया.

रेस्टोरेंट के पास सौंपे 5.90 लाख रुपये

30 मई को शिक्षिका ने रायपुर के तेलीबांधा स्थित एक रेस्टोरेंट के पास आरोपी को 5.90 लाख रुपये नकद दे दिए. रकम लेने के बाद भी न तो तबादला हुआ और न ही शादी की बात आगे बढ़ी. इसके बाद महिला को संदेह हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

संदेह होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds