नशेड़ियों का आतंक : गांजा डीलर का पता नहीं बताया तो नाबालिग को मारा चाकू, एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर बेदम पीटा

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गांजा सप्लायर का पता नहीं बताने पर कुछ नशेड़ी युवकों ने एक नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह मामला भखारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, भखारा के भेंडरवानी गांव में दो युवक एक नाबालिग से गांजा सप्लाई करने वाले का पता पूछ रहे थे। नाबालिग ने उन्हें पता बताने से इनकार कर दिया। इसी बात से युवक तैश में आ गए और अपने साथ लाए चाकू से नाबालिग पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों में से एक को धर दबोचा और उसकी बेदम पिटाई कर दी।

घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और अब पुलिस जांच में जुट गई है।  बहरहाल, एक ओर घायल का इलाज जारी है, वहीं इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीण गांजा तस्करों के साथ-साथ नशा करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds