सेंट पॉल स्कूल परिसर में चला बुलडोजर, सामुदायिक भवन के नाम पर कथित चर्च निर्माण पर प्रशासन की कार्रवाई

रायपुर : राजधानी रायपुर के सेंट पॉल स्कूल परिसर में बने एक विवादित निर्माण पर मंगलवार को जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और स्कूल के आसपास की सड़कों पर आवाजाही अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद की गई जिसमें आरोप लगाया गया था कि स्कूल परिसर में सामुदायिक भवन के नाम पर एक धार्मिक ढांचे का निर्माण किया जा रहा है। शिकायत हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय द्वारा की गई थी। शिकायत में निर्माण कार्य की वैधता और भूमि संबंधी दस्तावेजों पर सवाल उठाए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद निर्माण को लेकर आवश्यक दस्तावेजों और अनुमति संबंधी पहलुओं की समीक्षा की। इसके बाद नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान अपर कलेक्टर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल मौजूद रहे।

शिकायतकर्ता विश्वदिनी पांडेय का दावा है कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा था, उसकी लीज़ अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी थी। उनका यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक स्वीकृतियां नहीं ली गई थीं और संबंधित विभागों को इसकी जानकारी भी नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जांच में उनकी शिकायत के तथ्यों को सही पाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। फिलहाल प्रशासन की ओर से पूरे मामले की कानूनी और राजस्व संबंधी जांच जारी है। वहीं, कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds