खोजी कुत्ते की मदद से चंद घंटों में पकड़े गए दो चोर, चोरी का कीमती सामान बरामद

बिलासपुर : जिले के उस्लापुर स्थित सांई नगर में एक सूने घर का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश हो गया है। पीड़िता जब अपनी ड्यूटी से घर लौटी, तो उसने पाया कि अलमारी का ताला टूटा हुआ है और सोने-चांदी के जेवर सहित नगदी गायब है।
इस मामले में तत्परता दिखाते हुए जांच टीम ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली, जिसके बाद खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से सीधे संदिग्धों के घर तक रास्ता ढूंढ निकाला। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास चतुर्वेदी और अमन टंडन के रूप में हुई है, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान उनके पास से चांदी की पायल, कमरबंद, सोने के कान के झुमके और अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये है। घटना के चंद घंटों के भीतर ही चोरी का सामान बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया।