आज से पर्यटकों के लिए बंद हुए छत्तीसगढ़ के जंगल, इतने दिनों तक नहीं कर सकेंगे सफारी

रायपुर : छत्तीसगढ़ के जंगल आज से पर्यटकों के लिए बंद हो गए हैं. प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व, राष्ट्रीय उद्यान और वन्यजीव अभयारण्यों में पर्यटन गतिविधियों पर 1 अक्टूबर तक रोक रहेगी. इसके बाद 2 अक्टूबर से एक बार फिर पर्यटकों के लिए जंगलों के दरवाजे खोल दिए जाएंगे. मानसून के दौरान देश के कई टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय उद्यान हर साल इसी तरह अस्थायी रूप से बंद किए जाते हैं.
पर्यटकों के लिए बंद हुए छत्तीसगढ़ के जंगल
वन विभाग के अनुसार, बारिश के मौसम में जंगलों के अंदर की सड़कें और सफारी मार्ग प्रभावित हो जाते हैं. साथ ही यह समय वन्यजीवों के प्रजनन काल का भी होता है. ऐसे में वन्य प्राणियों को प्राकृतिक वातावरण और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाई जाती है.
प्रदेश के प्रमुख टाइगर रिजर्व और अभयारण्यों में अगले तीन महीनों तक पर्यटकों की एंट्री बंद रहेगी. इस दौरान वन विभाग संरक्षण, निगरानी और आवश्यक रखरखाव कार्यों पर ध्यान देगा. मानसून समाप्त होने और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद 2 अक्टूबर से पर्यटक फिर से जंगल सफारी और वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे.`