लॉगिन

डबल मर्डर का खुलासा : रॉड से हमला कर पति-पत्नी की हत्या, मामूली विवाद बना हत्या का कारण

Chhattisgarh June 11, 2026 रिपोर्टर: shailesh
डबल मर्डर का खुलासा : रॉड से हमला कर पति-पत्नी की हत्या, मामूली विवाद बना हत्या का कारण

डबल मर्डर का खुलासा : रॉड से हमला कर पति-पत्नी की हत्या, मामूली विवाद बना हत्या का कारण

सक्ती : जिले में बाइक खड़ी करने के विवाद में पड़ोसियों ने पति-पत्नी की हत्या कर दी। ग्राम सेंदुरस में 2 जून की रात आरोपी स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोलकर घर के अंदर घुसे और सो रहे दंपत्ति के सिर पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है। आरोपियों ने मर्डर के बाद महिला के शव के गले से सोने का जेवर, नाक की फुल्ली और अलमारी में रखा कुछ सोना चुरा लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों ने साल 2024 में पुरानी रंजिश को लेकर भी एक दंपती की हत्या की थी। वो मामला अब तक नहीं सुलझा था। आरोपियों से चोरी का जेवर खरीदने वाले सराफा व्यापारी को भी अरेस्ट किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सेंदुरस गांव में बुजुर्ग दंपती पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे खेती-किसानी का काम करते थे। उनके बच्चे बाहर रहते थे। 2 जून की रात दोनों अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। तभी अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से वार कर उन्हें मार डाला था।

घटना के बाद मृतक महिला के गले से सोने के जेवर, अलमारी से नकदी और मोबाइल फोन गायब मिले थे। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फोन का लोकेशन ट्रेस करने पर खरसिया थाना क्षेत्र के पलगड़ा के आसपास मिला।

ढाबे से 1 आरोपी पकड़ाया

वहां जायसवाल ढाबे से देवकुमार यादव (33) को हिरासत में लिया गया, उसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव (40) के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। दोनों पंडरीपानी के रहने वाले हैं।

बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ था विवाद

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से बाइक खड़ी करने को लेकर उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की प्लानिंग की थी।

जेवर खरीदने वाला सराफा व्यापारी गिरफ्तार

जांच में पता चला कि आरोपी रूपचरण ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर के खिलेश्वर ज्वेलर्स संचालक बाबूलाल साहू (50) को 84 हजार में बेच दिए थे। पुलिस ने बाबूलाल साहू के घर से जेवर बरामद कर उसे भी चोरी और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

सोना, मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लगभग 9 ग्राम सोने के जेवर, 5 ग्राम गला हुआ सोना और 77 हजार कैश, हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और बाइक बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ मालखरौदा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(8) और 103(1) के तहत मामला दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपी

रूपचरण यादव (40), पंडरीपानी
देवकुमार यादव (33), पंडरीपानी
बाबूलाल साहू (50), जैजैपुर, खिलेश्वर ज्वेलर्स का संचालक

पहले भी कर चुके हैं हत्या

पूछताछ के दौरान एक और खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मालखरौदा थाना क्षेत्र के मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, उस मामले में मृतक मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी।

पुरानी रंजिश में की थी हत्या

आरोपी रूपचरण यादव ने बताया कि बुधवारा बाई गबेल से उसका पुराना विवाद था। इसी रंजिश में उसने अपने साथी देवकुमार यादव के साथ मिलकर घर में घुसकर लकड़ी से दोनों की हत्या की और अलमारी में रखे आभूषण लूट लिए थे। यह मामला अपराध क्रमांक 247/2024, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज था।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds