गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हाथियों का आतंक, गांव में घुसकर बाउंड्री वॉल तोड़ा, लोगों में दहशत का माहौल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जिले के मरवाही वनमंडल में 4 हाथियों का दल एक बार फिर आबादी के नजदीकी क्षेत्रों में सक्रिय है. वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हाथियों का यह दल फिलहाल मरवाही वन परिक्षेत्र के गुल्लीडांड बीट स्थित पीएफ-2025 वन तालाब जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है. हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है.
हाथियों का आतंक, गांव में घुसकर बाउंड्री वॉल तोड़ा
हाथियों के दल ने नवाटोला क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचाया है, वहीं मरवाही छात्रावास की बाउंड्री वॉल को भी क्षति पहुंची है. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या मकान क्षति की सूचना नहीं मिली है. बताया जा रहा है कि यह हाथी सिवनी परिक्षेत्र के घुसरिया परिसर से होते हुए मरवाही क्षेत्र में पहुंचे हैं. वन विभाग ने आशंका जताई है कि हाथियों का दल नाका, घुसरिया, मरवाही, सचराटोला और सेमरदर्री परिसर की ओर बढ़ सकता है.
वन विभाग की टीम कर रही निगरानी
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने, हाथियों के नजदीक न पहुंचने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है. स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, लेकिन वन विभाग पूरी तरह सतर्क है.