बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, गायनाकोलॉजिस्ट समेत दो डॉक्टरों को नोटिस, सीएमएचओ  ने मांगा जवाब

बिलासपुर : रतनपुर स्थित मातृका नर्सिंग होम में बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया था. वहीं अब इस मामले में गायनाकोलॉजिस्ट समेत दो डॉक्टरों को नोटिस जारी किया गया है. वहीं जवाब मिलने के बाद जांच समिति भी गठित होगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत

रतनपुर स्थित मातृका नर्सिंग होम में बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई है. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी कुमारी बाई साहू (50 वर्ष) को बच्चेदानी संबंधी समस्या के इलाज के लिए पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था. परिजनों का आरोप है कि वहां पदस्थ चिकित्सक डॉ. नेहल झा ने जांच के बाद ऑपरेशन की आवश्यकता बताते हुए 6 जून को अपने निजी अस्पताल मातृका नर्सिंग होम में बुलाया था.

परिजनों ने लगाया आरोप

परिजनों के मुताबिक महिला को शनिवार सुबह अस्पताल लाया गया, जहां दोपहर बाद ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू की गई. उनका कहना है कि लगभग एक घंटे बाद चिकित्सक द्वारा महिला का ब्लड प्रेशर कम होने की जानकारी देते हुए उसे तत्काल बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर करने की बात कही गई. इसके बाद निजी एंबुलेंस से महिला को सिम्स भेजा गया.

परिजनों का आरोप है कि सिम्स पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. उनका यह भी कहना है कि उन्हें रेफरल से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया था. घटना से आक्रोशित परिजन महिला के शव को लेकर वापस रतनपुर पहुंचे और थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए डॉक्टर के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक उपचार करने का आरोप लगाया.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

शिकायत में परिजनों ने मातृका नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है. जिस पर रतनपुर पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज को जब तक कर लिया गया है, एवं पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है. रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds