छत्तीसगढ़ के 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षा फीस में बढ़ोतरी, माशिमं ने जारी किया आदेश, जानिए अब कितने रुपये देने होंगे

रायपुर : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए फीस में वृद्धि करने का आदेश जारी किया है. फीस में की गई वृद्धि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगा. अब हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी क्लास के स्टूडेंट्स को एग्जाम फीस 800 रुपये देनी होगी. इसके साथ ही अंकसूची और प्रायोगिक परीक्षा के लिए फीस में इजाफा किया गया है.
नियमित शुल्क 280 से 480 रुपये हुआ
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के लिए नियमित शुल्क 280 रुपये से 480 रुपये कर दिया है. इसी तरह अंकसूची की फीस के शुल्क को 100 से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है. वहीं, प्रायोगिक विषय के लिए फीस 80 से 120 रुपये कर दिया गया.
परीक्षा केंद्र परिवर्तन के लिए अब 240 रुपये की जगह 400 रुपये लगेंगे. इसी तरह संकाय परिवर्तन के लिए 400 रुपये फीस रहेगी. ये पहले 200 रुपये प्रति संकाय थी. सेल्फ स्टडी करने वाले छात्रों के लिए अग्रेशन संस्थाओं को 60 की जगह 70 रुपये देने होंगे. विलंब शुल्क में भारी-भरकम वृद्धि की गई है. स्वाध्यायी छात्रों के लिए फीस 770 के स्थान पर 1000 रुपये कर दिया गया है. वहीं, विशेष विलंब शुल्क को 1540 के स्थान पर 2000 रुपये किया गया है.
पंजीयन के लिए 460 रुपये की बढ़ोतरी
पंजीयन शुल्क में 460 रुपये बढ़ोतरी की गई है. पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ के नवीन और बाहरी छात्रों के लिए पंजीयन और अनुमति शुल्क 2000 रुपये कर दिया गया है. वहीं, एससी-एसटी छात्रों के लिए पंजीयन और अनुमति फीस को 560 से 800 रुपये कर दिया गया.