अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस-खनिज विभाग ने तोड़ा रेत माफियाओं का रास्ता

रायपुर : जिले के अभनपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गोबरा नवापारा के ग्राम दुलना में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत खनन पर पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं के इस्तेमाल वाले अस्थायी मार्ग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान चैन माउंटेन मशीन और जेसीबी की मदद से रेत परिवहन के लिए बनाए गए रास्ते को तोड़कर गहरे गड्ढे कर दिए गए, ताकि दोबारा अवैध परिवहन न हो सके।

जानकारी के अनुसार, रायपुर और धमतरी जिले की सीमा से लगे होने का फायदा उठाकर रेत तस्कर पिछले कई महीनों से यहां अवैध उत्खनन कर रहे थे। शिकायतों के बाद रायपुर खनिज विभाग और गोबरा नवापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जारी था, जिससे नदी और आसपास के इलाकों को भी नुकसान पहुंच रहा था। फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds