सर्राफा व्यापारी हत्याकांड: मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, लूट का सामान जब्त, जानें कैसे हुआ खुलासा

जीपीएम : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गोली चलाने वाले तीन शूटर अभी भी फरार हैं.

इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिटकुला का रहने वाला खुशीराम साहू है. खुशीराम साहू ने कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी के व्यापारियों की गतिविधियों की रेकी कर पूरी जानकारी जुटाई थी. इस साजिश में उसके भतीजे राजाराम साहू ने मुख्य आरोपी खुशीराम की मदद की थी.

बिहार झारखंड से बुलाए थे शूटर

खुशीराम ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बिहार और झारखंड के अपने परिचित राहुल नाम के अपराधी के जरिए शूटर बुलाए थे. योजना के तहत राहुल अपने साथी संजय और राजू के साथ बिहार से आया था और सबने मिलकर इस लूट और हत्याकांड को अंजाम दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी ग्राम देवरीखुर्द (देवरीकला) स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे, जहां उन्होंने लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों का आपस में बंटवारा किया.

3 आरोपी गिरफ्तार, लूट का सामान भी जब्त

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मास्टरमाइंड खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त 1 नग देसी कट्टा, 2 नग जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और 3 नग मोबाइल बरामद किए गए हैं.

तीन शूटर फरार

वहीं, घटना में शामिल बिहार के रहने वाले तीनों शूटर राहुल, संजय और राजू अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भेजी गई हैं. आज बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग ने पेंड्रा में एस पी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरा खुलासा किया. इस दौरान मुंगेली एसपी भोजराम पटेल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रभारी एसपी अविनाश मिश्रा, एसडीओपी राजेश देवांगन, एस डी ओ पी श्याम सिदार, श्रीमती रामटेके, सहित पुलिस के थाना प्रभारी सहित स्टाफ उपस्थित थे. आइजी ने मुंगेली सहित गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की पुलिस टीम को इस केस को सुलझाने में रात दिन मेहनत करने की सराहना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds