मोनेट इस्पात सयंत्र में भीषण आग, मशीनरी को भारी नुकसान, बॉयलर फटने से मचा हड़कंप

रायपुर : जिले के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद थाना अंतर्गत कुरूद में संचालित मोनेट इस्पात संयंत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह लगभग 5 बजे संयंत्र के एक बॉयलर में अचानक विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर संयंत्र परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बॉयलर फटने के बाद आग ने तेजी से आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना के दौरान संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आगजनी की इस घटना में संयंत्र की हाई वोल्टेज मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि एक महत्वपूर्ण मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। हादसे के बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बात है। हालांकि आग लगने से संयंत्र को आर्थिक रूप से बड़ा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद संयंत्र प्रबंधन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल बॉयलर विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।