रायपुर के कारोबारी अजय निहलानी की पुर्तगाल में हार्ट अटैक से मौत, एजुकेशन टूर पर गए थे, शव लाने के लिए पीएमओ से अपील

रायपुर : राजधानी रायपुर के कारोबारी अजय सुंदर निहलानी की पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हार्ट अटैक से मौत हो गई. वे 40 सदस्यीय दल के साथ एजुकेशन टूर पर गए थे. शव को लाने के लिए परिजनों ने पुर्तगाल स्थित भारतीय दूतावास और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से अपील की है.
इलाज के दौरान हुई मौत
छत्तीसगढ़ से 40 सदस्यीय दल के साथ अजय सुंदर निहलानी पुर्तगाल गए थे. इसके लिए रायपुर से दो लोगों का चयन हुआ था. जानकारी के मुताबिक यात्रा के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए डॉक्यूमेंटेशन की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है. परिवार ने पुर्तगाल स्थित इंडियन एंबेसी, पीएमओ और प्रशासन से शव को भारत लाने के लिए गुहार लगाई है.
परिजनों के बीच शोक की लहर
इस खबर के बाद से रायपुर में मृतक कारोबारी के परिजनों और परिचितों के बीच शोक माहौल है. रिपोर्ट के अनुसार कारोबारी के भाई संजय कुमार निहलानी का कहना है कि टूर में अजय निहलानी के साथ गए नीरज बाजपेयी शव लाने के लिए औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं. परिवार ने स्थानीय प्रशासन, भारतीय दूतावास और एयरलाइंस कंपनियों और संबंधित एजेंसियों से अपील की है.