पर्यटकों के लिए महंगा हुआ जंगल सफारी-नंदनवन जू घूमना, 50% बढ़े टिकट के दाम, जानिए नए रेट

रायपुर : छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में बने नंदनवन जू और जंगल सफारी का घूमने जाने वाले पर्यटकों के जेब पर दबाव डालने वाली खबर सामने आई है. अब इन जगहों पर घूमने के लिए पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा. राज्य शासन ने वन और जलवायु परिवर्तन विभाग ने जू एंट्री, सफारी राइड और दूसरी सुविधाओं के टिकट रेट में बड़ा बदलाव कर दिया है.
शासन ने जो नई रेट पॉलिसी जारी की है, उस पॉलिसी के तहत कई श्रेणियों में टिकट दरें औसतन 50 प्रतिशत तक बढ़ाई गई हैं, जबकि कुछ कैटेगरी में यह बढ़ोतरी दोगुना से भी अधिका हो गई है.
टिकट की नई दरें इस प्रकार हैं-
6 से 12 वर्ष तक के बच्चों का टिकट 25 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए किया गया.
12 वर्ष से अधिक उम्र के पर्यटकों का टिकट 50 रुपए से बढ़ाकर 100 रुपए कर दिया गया.
विदेशी पर्यटकों का टिकट 200 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया गया.
हालांकि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को पहले की तरह नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा मिलती रहेगी. इसके लिए वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा. नई व्यवस्था के अनुसार यह छूट सप्ताहांत, सार्वजनिक अवकाश और सरकारी छुट्टियों के दिनों में लागू नहीं होगी.
पर्यटकों को मिलगी बेहतर सेवाएं
वन विभाग का कहना है कि संशोधित शुल्क व्यवस्था से जंगल सफारी और जू के रखरखाव, सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जंगल सफारी का किराया कम किया गया था. उस समय नंदनवन जू का प्रवेश जंगल सफारी टिकट में शामिल रहता था, जिसे बाद में अलग कर दिया गया.
800 एकड़ में फैली है सफारी
नया रायपुर के सेक्टर-39 में स्थित नंदनवन जंगल सफारी रायपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 35 किलोमीटर और स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर है. लगभग 800 एकड़ क्षेत्र में फैली यह सफारी प्राकृतिक वातावरण और हरियाली के लिए जानी जाती है. परिसर में 130 एकड़ का खांडवा जलाशय भी मौजूद है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं.
सफारी का पूरा क्षेत्र मजबूत बाउंड्री से घिरा
सफारी में शाकाहारी, भालू, टाइगर और शेर सफारी जैसी चार अलग-अलग व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं. पूरे क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत बाउंड्री से घेरा गया है और वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक आवास जैसा वातावरण तैयार किया गया है. यहां हजारों पौधे लगाए गए हैं, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को बढ़ावा मिला है.
सफारी में मौजूद है ये वन्यजीव
पर्यटकों के भ्रमण के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई है, जो निर्धारित मार्गों पर संचालित होते हैं. वर्तमान में सफारी में 3 बाघ, 4 भालू और करीब 80 शाकाहारी वन्यजीव मौजूद हैं. इनमें चीतल, सांभर, नीलगाय, बार्किंग डियर और ब्लैक बक प्रमुख रूप से शामिल हैं.