कुकदा डैम में बड़ा हादसा : रायपुर से घूमने आए युवक-युवती की डूबने से मौत, पुलिस जांच मे जुटी

गरियाबंद / पांडुका : जिले के पांडुका क्षेत्र स्थित पैरी नदी के कुकदा डैम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रायपुर से घूमने आए चार युवाओं में से एक युवक और एक युवती की डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पांडुका पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर से चार लोग कुकदा डैम घूमने पहुंचे थे। इनमें एक युवती और तीन युवक शामिल थे। शाम करीब 5 बजे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे, तभी गहराई में जाने से दो लोग पानी में डूब गए।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय सिंपी और 23 वर्षीय पीयूष मंडल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव पानी से बाहर निकलवाए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि कुकदा डैम में इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। सिंचाई विभाग द्वारा डैम के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और नीचे उतरने से मना किया गया है। सुरक्षा के लिए तार घेराबंदी भी की गई है, लेकिन लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर पानी में उतर जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण अक्सर हादसे होते हैं। प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds