सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के दो डंप ध्वस्त, भारी मात्रा में हथियार, बीजीएल लॉन्चर और 1000 डेटोनेटर बरामद

कांकेर : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. कांकेर और नारायणपुर जिले के सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ, और बीडीएस की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग अभियानों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है.

कांकेर-नारायणपुर में नक्सलियों का डंप ध्वस्त

कांकेर पुलिस ने बताया कि 22 मई 2026 को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत कांकेर-नारायणपुर सीमा पर स्थित ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सल विरोधी सर्च अभियान चलाया गया था. संयुक्त बल द्वारा संदिग्ध स्थानों की सघन तलाशी लेने पर नक्सलियों का एक छुपा हुआ डंप मिला.

अगली कार्रवाई 23 मई 2026 को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के मध्य जंगलों में की गई. यहां भी सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए भारी मात्रा में ब्लास्टिंग सामग्री बरामद की. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों की इस सतत कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है. क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन सर्चिंग अभियान जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds