अयोध्या तीर्थ यात्रा के नाम पर 75 ग्रामीणों से लाखों की ठगी, फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रतनपुर : अयोध्या तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर ग्रामीणों से लाखों की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. जहां रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदईया और बछालीखुर्द के 75 ग्रामीणों से कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपए के करीब रकम लेकर आरोपी फरार हो गया. मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार ग्राम गोंदईया निवासी हेमंत साहू ने ग्रामीणों की ओर से थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन में बताया गया कि आरोपी होरी लाल अनंत, निवासी ग्राम झझपुरीकला सतनामीपारा थाना लोरमी जिला मुंगेली, पिछले करीब एक वर्ष से दोनों गांवों में आना-जाना कर रहा था.

ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी खुद को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़ा सदस्य बताता था और अयोध्या दर्शन व तीर्थ यात्रा कराने का भरोसा दिलाकर लोगों का विश्वास जीत लिया. इस दौरान उसने ग्रामीणों से श्रीराम जन्मभूमि के सहयोग के नाम पर चावल और नगद राशि भी एकत्र की.

पैसे लेकर मोबाइल किया बंद

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने दोनों गांवों के लोगों को अयोध्या तीर्थ यात्रा कराने का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 1501 रुपए जमा कराए. ग्राम गोंदईया के 43 लोगों से करीब 64 हजार 543 रुपए और ग्राम बछालीखुर्द के 32 ग्रामीणों से करीब 48 हजार 32 रुपए वसूले गए. कुल मिलाकर आरोपी ने 75 ग्रामीणों से 1 लाख 12 हजार 575 रुपए जमा करा लिए. ग्रामीणों का कहना है कि यात्रा के लिए 7 मई 2026 की तारीख तय की गई थी, लेकिन निर्धारित दिन के बाद से आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा. वह गांव आना भी बंद कर दिया. इसके बाद ग्रामीणों को ठगी का एहसास हुआ.

गरीब ग्रामीणों ने जोड़े थे पैसे

ग्रामीणों के अनुसार कई लोगों ने धार्मिक आस्था और अयोध्या दर्शन की इच्छा से बड़ी मुश्किल से पैसे जुटाए थे. आरोपी ने विश्वास हासिल करने के लिए खुद को धार्मिक संस्था से जुड़ा बताया और लगातार गांवों में संपर्क बनाए रखा. इसी कारण ग्रामीण उसके झांसे में आ गए. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी युवक होरीलाल अनंत उर्फ राज को गिरफ्तार कर लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds