लॉगिन

मायके से लौटी पत्नी पर पति ने कैंची से किया जानलेवा हमला, पड़ोसियों ने बचाई जान

Chhattisgarh May 21, 2026 रिपोर्टर: shailesh
मायके से लौटी पत्नी पर पति ने कैंची से किया जानलेवा हमला, पड़ोसियों ने बचाई जान

मायके से लौटी पत्नी पर पति ने कैंची से किया जानलेवा हमला, पड़ोसियों ने बचाई जान

बिलासपुर : न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत जरहाभाठा के ओमनगर में एक दिल दहला देने वाला घरेलू विवाद सामने आया है, जहाँ एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी पर कैंची से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ओमनगर निवासी सूरजा सूर्यवंशी बच्चों के स्कूल की छुट्टियां होने के कारण अपने मायके गई हुई थीं। जब वह 17 मई को वापस अपने ससुराल लौटीं, तो उनका पति ईश्वर सूर्यवंशी इस बात को लेकर लगातार ताना मारने लगा और गाली-गलौज करने लगा कि उसे मायके से छोड़ने के लिए कोई क्यों नहीं आया।

इसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच का मनमुटाव बेहद बढ़ गया और अगले ही दिन यानी 18 मई की रात करीब 8 बजे आरोपी पति ने गुस्से में आकर घर में रखी साधारण कैंची उठाई और सीधे पत्नी के गले पर वार कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले में महिला के गले के दाहिने हिस्से में गहरा घाव हो गया और अत्यधिक खून बहने लगा।

लहूलुहान हालत में पीड़ित महिला ने जब अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाया, तो चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले किराएदार और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर आरोपी को रोका, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी पति पीड़ित महिला को जान से मारने की धमकी देता रहा।

घटना के बाद बदहवास पीड़िता ने तुरंत अपने भाई को इस बात की सूचना दी और परिजनों के सहयोग से सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds