दर्दनाक हादसा : ट्रेन की चपेट में आने से सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में आज तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हीरामणि साहू (80) के रूप में हुई है, जो कि सेवानिवृत्त शिक्षक थे। आज सुबह 5 बजे के आसपास हीरामणि रेलवे पटरी पार कर रहे थे, तभी वो भानुप्रतापपुर से रायपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर चोटें आने के कारण हीरामणि साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक शिक्षक के परिवार में हाल ही में एक विवाह संपन्न हुआ था। घर में अभी शादी की बधाइयों और खुशियों का माहौल था, लेकिन सुबह-सुबह आई इस खबर ने शादी के जश्न को पल भर में गहरे मातम में बदल दिया।

मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds