जंगल में मिली युवक की लाश, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

गरियाबंद : गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रक्शा के जंगल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान दस्तावेज एवं मोटरसाइकिल के आधार पर खेमप्रकाश दीवान निवासी ग्राम नागझर, पोस्ट पोंड, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। दस्तावेज में दर्ज मोबाइल नंबर 6261858847 बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार युवक का शव जंगल क्षेत्र में उसकी मोटरसाइकिल के पास पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर खेमप्रकाश वहां पहुंचा कैसे? क्या वह किसी रिश्तेदार के घर मिलने आया था? क्या दोस्तों के साथ किसी मुलाकात के लिए निकला था? या फिर किसी निजी काम से जंगल क्षेत्र तक पहुंचा था? इन सभी बिंदुओं को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिंगेश्वर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा।