लकड़ी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई : ईमारती लकड़ियों से भरा हुआ था 12 चक्का ट्रक, वन, पुलिस और राजस्व विभाग ने किया जब्त

रायगढ़ : रायगढ़ जिले में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ियों से भरे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। यह मामला छाल वन परिक्षेत्र का बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन की चाबी लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार देर रात वन अमले को सूचना मिली थी कि नावापारा बाईपास मार्ग के पास भारी मात्रा में अवैध लकड़ियों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। इसके बाद अधिकारियों ने वाहन की जांच की, जिसमें सेमल सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ियां लोड मिलीं।
संयुक्त टीम ने ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक ट्रक में करीब 5 लाख रुपये से अधिक की लकड़ियां भरी हुई थीं। मामले में वाहन मालिक और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई है। यदि वाहन मालिक और दस्तावेजों की जानकारी नहीं मिलती है, तो पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले के घरघोड़ा और रायगढ़ रेंज में अवैध लकड़ी तस्करी के कई मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से साफ है कि जिले में लकड़ी तस्करों का नेटवर्क अब भी सक्रिय है।