लॉगिन

ग्राम महुआ में सुशासन तिहार शिविर बना जनसेवा का प्रभावी मंच, 1077 आवेदन प्राप्त, 163 आवेदनों का मौके पर निराकरण

Chhattisgarh May 12, 2026 रिपोर्टर: shailesh
ग्राम महुआ में सुशासन तिहार शिविर बना जनसेवा का प्रभावी मंच, 1077 आवेदन प्राप्त, 163 आवेदनों का मौके पर निराकरण

ग्राम महुआ में सुशासन तिहार शिविर बना जनसेवा का प्रभावी मंच, 1077 आवेदन प्राप्त, 163 आवेदनों का मौके पर निराकरण

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के तहत जशपुर जिले के जनपद पंचायत बगीचा अंतर्गत ग्राम पंचायत महुआ में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हुए।

शिविर में कुल 1077 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 163 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा आम, लीची, नाशपाती और अमरूद के फलदार पौधों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने किसानों को बाड़ी विकास और फलदार पौधों की खेती के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने के संबंध में जानकारी दी।

ग्रामीणों ने इस पहल को आर्थिक सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी बताया। शिविर में आधार कार्ड निर्माण, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज बनवाए, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें निरंतर परिश्रम और लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को गांव स्तर पर सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी तत्काल उपलब्ध कराया जा रहा है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds