आंधी-तूफान के बाद छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, अगले 3 दिनों में बढ़ेगा तापमान, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में बीते दिनों मौसम ने अचानक करवट ली है. कई जिलों में मेघगर्जन, बारिश और वज्रपात के साथ तेज आंधी-तूफान देखने को मिला. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से तेज गतिविधियां दर्ज की गईं, जिससे तापमान में भी गिरावट आई. मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन साथ ही कई जगहों पर नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं.

अगले 24 घंटे कैसे रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम सामान्य स्थिति में रहेगा, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है. इससे साफ है कि फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलती रहेगी.

राजनांदगांव सबसे गर्म

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ. राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 4.0 और 4.7 डिग्री कम रहा. रायपुर में सुबह 8:30 बजे तक 26 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds