धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 लाख के गांजा समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

धमतरी : जिले में अतराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सांकरा चेक पोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 55 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 27 लाख 5 हजार रुपये है. इसके अलावा डस्टर कार और 4 मोबाइल फोन समेत करीब 33,53,500 रुपये की संपत्ति जब्त की है.
पुलिस तलाशी में जब्त किया गांजा
पुलिस के मुताबिक, 4 मई 2026 को मैनपुर की तरफ से आ रही MH 45 AD 9001 नंबर की डस्टर कार को रोककर जांच की गई. वाहन में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पूछताछ की गई और बाद में डिक्की की तलाशी लेने पर 38 पैकेटों में भरा गांजा बरामद हुआ. आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे यह गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे.
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में अमोल अरुण ओटेंकर (33 वर्ष, नासिक), तनिष गायकवाड (19 वर्ष, अहमदनगर) और ऋषिकेश सिरसाट (23 वर्ष, अहमदनगर) शामिल हैं. तीनों के खिलाफ सिहावा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
पुलिस चला रही सख्त अभियान
धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है. खासतौर पर ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा और ट्राई जंक्शन क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों को हर वाहन की सघन जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.