रायपुर : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को कुछ जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली. सुबह तक जहां तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही थीं, वहीं दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और तेज बारिश के साथ ओले गिरने. इस बदलाव ने लोगों को चौंका भी दिया और राहत भी दी.
कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ गिरे ओले
गुरूवार को अचानक मौसम का मिजाज बदला. वहीं गरियाबंद के साथ लोरमी में भी दिनभर की गर्मी के बाद शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली. वहीं जशपुर में तेज बारिश और हवाओं से कुछ इलाकों में पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति बाधित हुई. इस बदलाव ने एक तरफ गर्मी से राहत दी, तो दूसरी तरफ जनजीवन प्रभावित भी किया.
तापमान में गिरावट से राहत
इस मौसम परिवर्तन का असर तापमान पर भी दिखने लगा है. अगले 2 दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके बाद अगले 3 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.
अगले 5 दिन अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है. विभाग के अनुसार सभी संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.