‘देश विचारधारा से नहीं, संविधान से चलेगा…’, यूसीसी का वक्फ बोर्ड ने किया समर्थन, अध्यक्ष ने सीएम साय का जताया आभार

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में ‘समान नागरिक संहिता’ लागू करने के निर्णय लिया है. इस फैसले का राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि सीएम विष्णुदेव साय एवं उनके पूरे मंत्रिमंडल का ह्रदय से आभार और अभिनंदन है.
विचारधारा से नहीं, सविंधान से देश चलेगा
डॉ. सलीम राज ने कहा कि देश अब किसी विशेष विचारधारा या तुष्टिकरण की राजनीति से नहीं, बल्कि संविधान के आधार पर चलेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि देश की एकता और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने वाला है. उनके अनुसार, समान नागरिक संहिता सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में जरूरी कदम है.
वोट बैंक की राजनीति पर साधा निशाना
उन्होंने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय तक लोगों के बीच भ्रम और डर का माहौल बनाकर वोट बैंक की राजनीति की गई. वहीं उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब प्रदेश “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहा है.
सामाजिक समरसता को मिलेगा बल
अध्यक्ष डॉ. राज ने सामाजिक समरसता का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का जिक्र किया और कहा कि जिस तरह अलग-अलग धर्मों के लोग एक मंच पर अपनी परंपराओं के साथ जुड़ते हैं, उसी तरह यूसीसी भी समाज को और मजबूत करेगा.
यूसीसी लागू करने की प्रक्रिया शुरू
कैबिनेट के फैसले के बाद राज्य में यूसीसी लागू करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. इसके लिए आवश्यक नियम और दिशा-निर्देश तैयार किए जाएंगे और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. साथ ही यूसीसी का प्रारूप तैयार करने के लिए रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है. समिति के सदस्यों के चयन के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है.