हाथी ने किशोरी को कुचलकर मार डाला, गांव में तीन दिन से घूम रहे हाथियों के झुंड से लोगों में दहशत

बलरामपुर : जिले के रामानुजगंज में एक जंगली दंतैल हाथी के हमले से एक 17 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई. किशोरी सुबह महुआ बीनने जंगल गई थी, तभी हाथियों के झुंड से बिछड़े एक हाथी ने उस पर हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.

दरअसल, मामला रामानुजगंज–रामचंद्रपुर विकासखंड के चिड़िया गांव का है. जानकारी के अनुसार, पिंकी कुमारी अपने रिश्तेदार के घर आई हुई थी. शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह महुआ बीनने के लिए जंगल गई थी. इसी दौरान इलाके में घूम रहे करीब 22 हाथियों के झुंड से बिछड़ा एक हाथी अचानक उसके सामने आ गया और हमला कर दिया. हमले में पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई.

साथी लोगों को बाद में चला पता

घटना के दौरान वहां मौजूद महावीरगंज का एक व्यक्ति किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा और गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी. वहीं, राजेश कोरवा ने बताया कि हम सभी लोग महुआ बीनने जंगल गए हुए थे. इसी दौरान अचानक पता चला कि जंगल में हाथी आया है, जिसके डर से हम सभी लोग भागने लगे. जब भाग कर घर पहुंचे तो एक लड़की जो हमारे साथ गई थी, उसका कुछ पता नहीं चला. फिर बहुत खोजबीन करने के बाद पता चला कि हाथी ने उसको कुचल कर मार दिया.

तीन दिन से घूम रहा हाथियों का झुंड

बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से हाथियों का दल इलाके में घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में पहले से ही डर का माहौल बना हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और शासन के निर्देशानुसार तत्काल सहायता राशि भी दी गई है. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के इलाके में होने के दौरान जंगल जाने से बचें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds