राजनांदगांव : आईपीएल सीजन के दौरान सक्रिय सटोरियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से कार, लैपटॉप और मोबाइल सहित लाखों रुपये का मशरूका बरामद हुआ है।
फार्महाउस बना था सट्टे का कंट्रोल रूम
सबसे बड़ी कार्रवाई घुमका थाना अंतर्गत ग्राम खैरझिटी में हुई। यहाँ एक कृषि फार्महाउस के भीतर छिपे सटोरिए हाईटेक उपकरणों के जरिए ऑनलाइन दांव लगवा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ‘सांई ऐप’ और विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग कर क्रिकेट मैच की हर गेंद और ओवर पर सट्टा खिला रहे थे।
सटोरियों के पास से पुलिस ने 1 लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, 1 सट्टा लेख कॉपी, 2 लग्जरी कारें (होंडा सिटी और प्रोन्स), 900 रुपये नगद, सट्टा पट्टी में दर्ज करीब 7,68,000 रुपये का सामान जब्त किया है।
इस मामले में पुलिस ने नितिन लिंबू उर्फ मुंकु नेपाली, अमित सोनी, रियाज खान, चन्द्रशेखर सिन्हा और जसमीत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस की दबिश
मुख्य कार्रवाई के अलावा, पुलिस ने शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी सट्टेबाजों पर नकेल कसी, जहां थाना बसंतपुर से आरोपी सागर सोनकर और राहुल सोनकर को पकड़ा गया। वही थाना लालबाग में सट्टा खिलाते हुए आरोपी तीजूराम साहू और तुषार साहू पर कार्रवाई की गई।
कुल 20 लाख से अधिक का माल जब्त
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 20 लाख 23 हजार रुपये मूल्य का मशरूका जप्त किया है। पुलिस अब इन आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि सट्टे के इस बड़े नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचा जा सके।